उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा उलटफेर, ‘हाथ’ के साथ खटाखट दौड़ रही ‘साइकिल’
डेस्क। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। ‘हाथ’ के साथ खटाखट ‘साइकिल’ दौड़ रही है। मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे पीछे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश से 11 केंद्रीय मंत्री चुनावी मैदान में हैं। यहां लोकसभा की 80 सीट हैं। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना के रुझानों में फिलहाल I.N.D.I.A गठबंधन आगे चल रहा है। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से 35 में समाजवादी पार्टी और 34 में भाजपा आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 7 सीट पर आगे चल रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली सीट पर बढ़त बनाई हुई है। वह एक लाख से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। अखिलेश यादव भी अपनी सीट कन्नौज पर आगे चल रहे हैं। इलाहाबाद सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी भी अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के उज्ज्वल रमण सिंह से आगे हैं। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव भी अपने प्रतिद्वंदी से आगे चल रहीं है। उत्तर प्रदेश में इस बार सबसे बड़ा उलटफेर दिखाई दे रहा है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। इस बार कुल 851 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी ने राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 75 पर चुनाव लड़ा है, जबकि गठबंधन सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज (सुरक्षित) सीट, सुभासपा ने घोसी और रालोद ने बिजनौर और बागपत से चुनाव लड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ा हैं, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी प्रदेश की रायबरेली सीट से उम्मीदवार हैं। सपा प्रमुख अखिलेश ने कन्नौज से चुनाव लड़ा है।