18वीं लोकसभा का सत्र 18 जून से : 20 जून को नए लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव
नई दिल्ली | 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए 543 नवनिर्वाचित सांसदों के शपथ ग्रहण के लिए 18 जून से लोकसभा का सत्र शुरू हो सकता है। बताया जा रहा है कि सत्र के पहले दो दिनों में 18 जून और 19 जून को नवनिर्वाचित सांसदों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई जा सकती है।
सांसदों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद सदन को नए अध्यक्ष का भी चयन करना होगा। स्थापित राजनीतिक परंपरा के अनुसार, सरकार की तरफ से लोकसभा के अध्यक्ष के पद के लिए सांसदों में से ही एक सांसद का नाम प्रस्तावित किया जाता है |
ऐसे में अगर विपक्ष, सर्वसम्मति से लोकसभा अध्यक्ष के चयन के सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार कर लेता है तो फिर चुनाव नहीं होगा। परन्तु विपक्ष अपनी तरफ से भी उम्मीदवार खड़ा करता है तो फिर 20 जून को लोकसभा के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सदन में वोटिंग हो सकती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा, के संयुक्त सत्र को संबोधित कर सकती हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण के जरिए केंद्र की मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल के एजेंडे को सदन, सांसदों और देश के सामने पेश करेगी। सत्र की तारीखों को लेकर अभी औपचारिक घोषणा होनी बाकि है।
रविवार 9 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद, उन्होंने सोमवार को सुबह कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। उनके साथ ही 71 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित 30 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री, 5 ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली है।