देश-विदेश

मध्यप्रदेश में 18 जून को होगा "स्कूल चलें हम अभियान 2024" का राज्य स्तरीय आयोजन

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 18 जून को "स्कूल चलें हम अभियान 2024" का शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रात: 9:30 बजे से आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वेबकास्ट सहित अन्य संचार माध्यमों से किया जायेगा। आयोजित ''प्रवेशोत्सव'' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नवप्रवेशी विद्यार्थियों का शाला में स्वागत करेंगे। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री श्री विजय शाह एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रतापसिंह के साथ ही स्थानीय जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। 

18 जून को पूरे प्रदेश की शासकीय शालाओं में आयोजित किए जा रहे ''प्रवेशोत्सव'' के दौरान सांसद, विधायक एवं अन्य जन प्रतिनिधि भी किसी एक शाला में सहभागिता करेंगे। शाला स्तर पर आयोजित स्कूल चलें हम अभियान कार्यक्रम में शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। इस दौरान ग्राम/बसाहट के शाला से बाहर रहे चिन्हित बच्चों का शाला में नामांकन एवं उनके अभिभावकों का शाला स्तर पर स्वागत किया जाएगा। प्रवेशोत्सव के दिन शालाओं में विशेष भोजन का वितरण किया जाएगा।

स्कूल चलें हम अभियान के द्वितीय दिवस समस्त विद्यालयों में शिक्षक अभिभावक बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह जी द्वारा अभिभावकों को संबोधित पत्र का वितरण किया जाएगा। इन बैठकों में अभिभावकों के साथ शालेय गतिविधियों पर चर्चा, जिसमें प्रमुखतः कक्षावार विषयखंड, शैक्षणिक कैलेण्डर, अध्ययन-अध्यापन प्रक्रिया, अभिभावक-शिक्षक बैठक, सह शैक्षणिक गतिविधियों, शाला में उपलब्ध सुविधाओं आदि की जानकारी प्रदान की जायेगी। निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।

----------