नईदिल्ली। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति गुरुवार देर शाम सड़क हादसे की शिकार हो गई। उनकी कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उन्हें चोट नहीं आई है। उन्होंने बयान जारी कर अपने स्वस्थ होने की जानकारी साझा की है।
मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री गुरुवार को कर्नाटक के दौरे पर थीं। शाम के वक्त वह कार में बैठकर कहीं जा रही थी। तभी विजयपुरा इलाके में उनकी कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार के चालक सहित केंद्रीय मंत्री को हल्की चोटें आईं। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक शराब के नशे में ट्रक चला रहा था। पुलिस ने चालक सहित ट्रक को पकड़ लिया है।
केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने हादसे के बाद बयान जारी करते हुए कहा कि उनकी मांसपेशियों में चोटें आईं हैं। उन्होंने अपने शुभ चिंतकों से कहा है कि कोई परेशान न हों, भगवान की बहुत बड़ी कृपा थी, ड्राइवर की सूझ-बूझ से कार ट्रक के नीचे जाने से बच गई। उन्होंने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है. ड्राइवर भी खतरे से बाहर है।