रायपुर। छत्तीसगढ़ में चार दिन पहले तक कोरोना पॉजिटिविटी दर 0.01 प्रतिशत थी, लेकिन शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब यह दर 1.39 हो गई है। राजधानी रायपुर में जहां 5 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, तो दुर्ग और बिलासपुर में 4-4 नए मरीज मिले हैं। इस तरह से एक ही दिन में 13 नए कोरोना मरीज मिल गए हैं और कुल सक्रिय मरीजों की संख्या अब 18 हो गई है।
बता दें कि देश में बीते 24 घंटों के दौरान 1590 नए मरीज मिले। ये पिछले 146 दिनों में सबसे ज्यादा हैं। देश में एक्टिव मामले बढ़कर 8 हजार 601 हो गए हैं। शुक्रवार को कोरोना से 6 मौतें भी हुईं। इनमें से 3 महाराष्ट्र और 1-1 मौत कर्नाटक, राजस्थान और उत्तराखंड में हुई।
फिलहाल सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, दिल्ली और कर्नाटक में दर्ज किए जा रहे हैं। कोरोना की पिछली दो लहरों में यही राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। इसे देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश को लेटर लिखा है। उन्होंने राज्यों से कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने और हालात पर नजर रखने को कहा है।
पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में भी कोरोना के मामले बढ़े हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि नया XBB.1.16 वैरिएंट इसकी वजह हो सकता है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। एक्सपर्ट के मुताबिक, कोविड से जुड़े सारे प्रोटोकॉल का पालन करें। अगर किसी ने बूस्टर डोज नहीं लिया है तो उन्हें जल्द से जल्द ये डोज लेनी चाहिए।