दिव्य महाराष्ट्र मंडल

‘संकल्प’ में नजर आया साय सरकार और वित्त मंत्री का विकास संकल्पः अजय काले

- महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष ने कहा संकल्प में युवा,  महिला और बुजुर्गों का खास ध्यान

रायपुर। सफलता का आधार विजन होता है, छत्तीसगढ़ सरकार ने आज अपना तीसरा बजट प्रस्तुत किया। ज्ञान और गति के बाद अब संकल्प की सोच वर्तमान विष्णुदेव सरकार और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के विजन, सोच को दर्शाती है। ओपी चौधरी ने अपने बजट में जो प्रावधान किया है, वह सामाजिक कार्यों के विस्तार में सहायक होगा। उक्त विचार सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संस्था महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बजट 2026 पेश होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहीं।

काले ने कहा कि ‘SANKALAP’ में सरकार का विजन नजर आता है। पेश बजट में छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना के लिए 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जिसमें प्रतिभाशाली बच्चों को हमारी संस्कृति और परंपरा से अवगत कराया जाएगा। वहीं महतारी गौरव वर्ष के तहत लखपति दीदीयों  के भ्रमण योजना के लिए भी 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सियान गुड़ी जैसे वरिष्ठ सदस्यों के लिए कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए बजट में प्रावधान प्रशंसनीय है।

काले ने कहा कि आत्मानंद स्कूल योजना के लिए 100 करोड़ और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए 33 करोड़ का प्रावधान है। सीजी एज के तहत उड़ान यानी नीट, जेईई और सीक्लैट, शिखर यानी यूपीएससी, सीजीपीएससी और मंजिल यानी रेलवे, बैंकिंग और एसएससी के लिए परीक्षार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं रानी दुर्गावती योजना के तहत परिवार में बालिका का जन्म होने पर बालिका के 18 वर्ष की आयु होने तक करीब 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं आर्थिक रुप से कमजोर बच्चों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ पांच मिशन पर शासन को फोकस निःसंदेह प्रदेश को प्रगति की ओर ले जाएगा। जिसमें मुख्यमंत्री एआई मिशन, खेल उत्कर्ष मिशन, पर्यटन विकास मिशन, अधोसंरचना मिशन और स्टार्टअप मिशन शामिल है।  कुल मिलाकर यह बजट उज्जवल भविष्य की ओर संकेत करता है।