“स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत वृहद स्वच्छता अभियान संपन्न
रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र में जारी “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत टी.ए. बिल्डिंग परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के सभी कार्मिकों ने एकजुट होकर श्रमदान किया और परिसर को स्वच्छ, सुसज्जित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री उत्पल दत्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने महाप्रबंधक (टीएसडी–जन स्वास्थ्य विभाग) श्री के. के. यादव की जन-जागरूकता बढ़ाने में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “स्वच्छता का यह महायज्ञ तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी भागीदारी निभाए।”
अभियान के दौरान जन स्वास्थ्य विभाग के अपशिष्ट प्रबंधन संस्थान (एस.एल.आर.एम. सेंटर), नेवई द्वारा कचरे से निर्मित उच्च गुणवत्ता वाले ऑर्गेनिक खाद का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्रोत स्तर पर अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व को बढ़ावा देना तथा बागवानी प्रेमियों को पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराना था।
इस वृहद स्वच्छता अभियान की परिकल्पना एवं संचालन महाप्रबंधक (टीएसडी–जन स्वास्थ्य विभाग) श्री के. के. यादव के मार्गदर्शन में किया गया। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विभागों और परिसरों में नियमित रूप से सफाई अभियान, कचरा पृथक्करण, वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिससे कर्मियों में स्वच्छता के प्रति सजगता और उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (टीएसडी) राघवेंद्र गर्ग, वाईके साहू, सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) जया रॉय, सहायक महाप्रबंधक (जन स्वास्थ्य विभाग) रमेश गुप्ता, उप प्रबंधक (जन स्वास्थ्य विभाग) मिलिंद कुमार बंसोड एवं विवेक मिश्रा, सहायक प्रबंधक स्वर्ण लता साहू, देवानंद चौहान, इंस्पेक्टर नागराजू, तथा जितेन्द्र वर्मा, प्रकाश बंछोड़, शरत, सुभास चंद्र महाराणा, वीसी लहरे, सुश्री नीना मलिक, शिखा ताम्रकार और ए. सुजाता सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।