नवा रायपुर में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का एयर शो 5 नवंबर को
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान देशभक्ति और रोमांच के रंगों से भरने जा रहा है। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम नवा रायपुर के आसमान में अपने अद्भुत करतबों का प्रदर्शन 5 नवंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक करेंगी। यह ऐतिहासिक एयर शो नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित सेंध तालाब के ऊपर आयोजित होगा।
राज्य शासन ने इस आयोजन के मद्देनजर आम नागरिकों की सुविधा के लिए निःशुल्क बस सेवा की विशेष व्यवस्था की है। जो रायपुर रेलवे स्टेशन, भाटागांव बस स्टैंड, तेलीबांधा चौक, पचपेड़ीनाका, साइंस कॉलेज और कालीबाड़ी चौक से चलेगी। निःशुल्क बस सेवा की विशेष व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक सहजता से पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक इस ऐतिहासिक और रोमांचक आयोजन का हिस्सा बन सके।
राज्य शासन की यह बस सेवा 4 और 5 नवंबर 2025 को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक दो सत्रों में संचालित होगी। यह सेवा नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक जाने और वापस रायपुर लौटने, दोनों दिशाओं के लिए उपलब्ध रहेगी।
बसें नियमित अंतराल पर संचालित होंगी ताकि किसी भी नागरिक को प्रतीक्षा या यातायात की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है, जिससे महिलाएं, विद्यार्थी, बुजुर्ग और परिवार सभी वर्गों के लोग बिना किसी परेशानी के राज्योत्सव का आनंद ले सकें।
5 नवंबर को नवा रायपुर (अटल नगर) के सेंध तालाब के ऊपर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (SKAT) और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम अपने अद्भुत हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगी। सूर्यकिरण टीम अपने लाल-सफेद हॉक विमानों से मनमोहक फॉर्मेशन उड़ानें भरेगी, जबकि आकाश गंगा टीम पैराशूट से उतरकर आसमान में कौशल और साहस का परिचय देगी।