मराठा समाज ने मनाई छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती
रायपुर। मराठा समाज द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जन्म जयंती बड़े ही उत्साह, गौरव और भावनात्मक वातावरण में मनाई गई। इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर महामहिम राज्यपाल रमन डेका की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।
इस भव्य समारोह में मराठा समाज द्वारा महामहिम राज्यपाल का पारंपरिक मराठा रीति से पगड़ी एवं शॉल पहनाकर अभिनंदन किया गया तथा वीरता, स्वाभिमान और स्वराज्य के प्रतीक स्वरूप उन्हें तलवार भेंट की गई। साथ ही मराठा समाज की ओर से महामहिम को “मराठा योद्धा सम्मान” प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।
मराठा समाज के अध्यक्ष लोकेश पवार ने इस अवसर पर कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती की खुशी उस समय दोगुनी हो गई जब महामहिम राज्यपाल स्वयं मराठा समाज के साथ इस पावन आयोजन में सम्मिलित हुए। उन्होंने बताया कि समाज द्वारा महामहिम को न केवल छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय जीवन, शौर्य और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी गई, बल्कि छत्तीसगढ़ में मराठा समाज के गौरवशाली इतिहास का भी विस्तार से उल्लेख किया गया।
इस क्रम में 16वीं शताब्दी में छत्तीसगढ़ में मराठा शासन की नींव रखने वाले महाराज बिंबाजी राव भोंसले के योगदान, मराठा समाज की ऐतिहासिक विरासत एवं वर्तमान में समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रहित के कार्यों की जानकारी दी गई। समाज की इस गौरवगाथा को जानकर महामहिम राज्यपाल ने मराठा समाज की एकजुटता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की खुले दिल से प्रशंसा की।
जयंती समारोह के अंतर्गत आज प्रातः तात्यापारा चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वरोही प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही मराठा युवा समाज द्वारा संतोषी नगर स्थित वीर शिवाजी चौक से मशाल प्रज्वलित कर भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण किया और पुनः तात्यापारा चौक पर संपन्न हुई। रैली के दौरान “जय शिवाजी, जय भवानी” के उद्घोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
इस आयोजन में विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, पार्षद एवं जोन अध्यक्ष अवतार सिंह बागल, महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष अजय काले,मराठा समाज के अध्यक्ष लोकेश पवार, संरक्षक महेंद्र जाधव, सुरेंद्र डुकरे, गुणवंत घाटगे, राजू कापसे, उपाध्यक्ष सुमीत ढिगे, सचिव शरद फरताड़े, युवा अध्यक्ष नीरज इंग्ले एवं मनीष भोंसले, सुषमा महाडिक, संगीता घाटगे, सोनाली पवार, हर्षा बाबर, ज्योति पवार, अतुल चौहान, राहुल डुकरे, गणेश जाधव, दीपक इंग्ले, जे.एन. कदम, नितिन पवार , धर्मेन्द्र परहाड़,रजत जाधव, आशीष महाडिक, गणेशा जाधव, रितिक राव, राकेश वाकड़े, संजू राव, अभिजीत जाचक, हिमांशु इंग्ले सहित बड़ी संख्या में मराठा समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों-स्वराज्य, न्याय, साहस और राष्ट्रभक्ति—को आत्मसात करने का संकल्प था। मराठा समाज ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिवाजी महाराज केवल इतिहास नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के पथप्रदर्शक हैं।