रायपुर

ज्वेलरी शॉप में लाखों की चोरी, पुलिस और FSL टीम मौके पर

रायपुर। राजधानी रायपुर के पॉश और बड़े आवासीय इलाके शंकर नगर में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक वंश रविवार को दुकान बंद कर घर गए थे। सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर लाखों रुपए के जेवर और अन्य कीमती सामान गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, साइबर टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर दुकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। चोरी गए सामान की सही कीमत का आकलन भी किया जा रहा है।शहर के व्यस्त और पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।