वृंदावन हाल में ‘रंग यानिकी’ की प्रस्तुति 11 मई को
रायपुर। छत्तीसगढ़िया धरोहर और रंगमंच को संजोकर चल रही रंगभूमि अपना 11वां स्थापना दिवस ‘रंग यानिकी’ 11 मई को वृंदावन हाल सिविल लाइन रायपुर में आयोजित कर रही है। इस अवसर पर रंगभूमि की टीम द्वारा बहुरंगी काव्य, सांस्कृतिक संध्या और लोकरंग पुरोधा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 7.30 से प्रारंभ होगा।
रंगभूमि के लोकेश साहू ने बताया कि आचार्य रंजन मोड़क के मार्गदर्शन में रंगभूमि ने अपने स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण कर लिया और 11 मई से रंगभूमि अपने 11वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। ‘रंग यानिकी’ कविता, नाट्य प्रस्तुति, लोकभाव, संगीत और नृत्य की विविध रंगों से सजी प्रस्तुतियाँ दर्शकों को भाव-विभोर करेंगी। इस सांस्कृतिक संध्या में युवा एवं प्रतिभाशाली कलाकार अपनी सशक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज, संवेदना, संघर्ष, प्रेम, लोकजीवन और मानवीय भावनाओं को मंच पर जीवंत करेंगे।
रंगभूमिक के नितीश यादव ने बताया कि यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि साहित्य, संवेदना और संस्कृति का उत्सव है, जहां मंच पर शब्द, संगीत और अभिनय एक साथ जीवंत होते दिखाई देंगे। इस आयोजन बाल मन, स्त्रीमन, वृद्धमन, सामाजिक सरोकार, पैराणिक पात्र के साथ रविंद्र नृत्य की प्रस्तुति होगी। इस विशेष अवसर पर वरिष्ठ लोक कलाकार नरेंद्र यादव को लोकरंग पुरोधा सम्मान से नवाजा जाएगा।