मिनोचा पेट्रोल पंप पर ड्रम में डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी...
2026-05-17 08:25 AM
36
रायपुर: राजधानी समेत प्रदेशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के पास स्थित मिनोचा पेट्रोल पंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप परिसर में ड्रमों में डीजल भरकर स्टॉक करते हुए देखा जा रहा है, जिसके बाद जमाखोरी और नियम उल्लंघन के आरोप लगने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप पर बड़ी मात्रा में डीजल ड्रमों में भरकर रखा जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भविष्य में डीजल की कमी या इमरजेंसी की स्थिति में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से यह स्टॉक तैयार किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और मामले की जांच की मांग उठने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। ऐसे समय में डीजल स्टॉकिंग के आरोपों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप संचालक संगठन और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। ज्वलनशील पदार्थों को खुले तौर पर ड्रमों में स्टोर करना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा भी हो सकता है। मामले को लेकर फूड विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि राजधानी में खुलेआम नियमों की अनदेखी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर प्रशासन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। हालांकि अब तक प्रशासन या पेट्रोल पंप संचालक की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।