रायपुर

महिला होम्योपैथी डॉक्टर और उसके पति ने नौकरी लगाने के नाम पर की करोड़ों की ठगी, पहुंचे सलाखों के पीछे

रायपुर। मुजगहन पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले महिला होम्योपैथी डॉक्टर और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों को ठगी का शिकार बनाया था। अलग-अलग विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर एक दर्जन लोगों के साथ करीब एक करोड़ पचपन लाख रूपये की ठगी की थी। महिला डाक्टर के पति ने खुद को मंत्री का ओएसडी बताया था। आरोपी महिला होम्योपैथी डॉक्टर जो जिला महासमुंद में पदस्थ है। 
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झामन लाल निर्मलकर ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पड़ोसी डॉ टंकेश्वरी समुंद जो महासमुंद में आयुर्वेद विभाग सरकारी होम्योपैथी डॉक्टर के रूप में पदस्थ है तथा उसका पति रोशन लाल मिश्रा जिसने स्वयं को मंत्री का ओएसडी बताकर उसके रिश्तेदारों की विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का वादा किया था, चूंकि रोशन लाल प्रार्थी का पड़ोसी था जिसके कारण प्रार्थी उसकी बातों पर विश्वास करके अपने रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने हेतु अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग किश्तों में एक करोड़ 55 लाख रुपये रोशन लाल एवं उसकी पत्नी टंकेश्वरी समुंद को नगद एवं ऑनलाईन के माध्यम से दिए। 
 
रोशन लाल मिश्रा एवं डॉ. टंकेश्वरी समुंद द्वारा नौकरी नही लगवाये जाने पर प्रार्थी ने अपने दिए हुए रकम को वापस मांगा तो उनके द्वारा प्रार्थी को पैसे वापस न कर प्रार्थी को लगातार घुमाया जा रहा था। इस प्रकार डॉ. टंकेश्वरी समुंद एवं उसके पति रोशन लाल मिश्रा द्वारा प्रार्थी से उसके रिश्तेदारों का नौकरी लगवाने के नाम पर कुल एक करोड़ 55 लाख रुपये की ठगी किया गया। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना मुजगहन में अपराध दर्ज किया गया। 
पुलिस ने आरोपी रोशन लाल मिश्रा तथा डॉ. टंकेश्वरी समुंद की पतासाजी करते हुए उनके छिपने के हर संभावित ठिकानों में लगातार रेड कार्यवाही करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी रोशन लाल मिश्रा एवं डॉ.टंकेश्वरी समुंद को गिरफ्तार किया गया।