छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल में 'राष्ट्रीय डाक सप्ताह' आज से शुरू... बढ़ाएंगे जागरूकता
रायपुर। भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक 'राष्ट्रीय डाक सप्ताह' का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह की शुरुआत वर्ष 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना की वर्षगांठ के अवसर पर 9 अक्टूबर को 'विश्व डाक दिवस' से होगी। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की महत्ता तथा वैश्विक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास में इसके योगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय, रायपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस सप्ताह के दौरान परिमंडल के सभी संभागीय कार्यालयों में प्रतिदिन विषय-वार विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को डाक विभाग की समस्त नवीन एवं जन-उपयोगी सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इस वर्ष विश्व डाक दिवस की मुख्य थीम “One Postal Network, Infinite Possibilities” निर्धारित की गई है।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ 09 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को 'विश्व डाक दिवस' के रूप में होगा। इस दिन सभी प्रमुख डाक कार्यालयों में विशेष बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए जाएंगे। इस अवसर पर निर्धारित थीम के तहत जन-जागरूकता रैली निकाली जाएगी तथा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
सप्ताह के दूसरे चरण में 12 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को 'फन विद फिलाटेली दिवस' मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा तथा प्रश्नोत्तरी, 'दीन दयाल स्पर्श योजना' एवं 'ढाई आखर' पत्र लेखन प्रतियोगिता पर जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष समूह चर्चा एवं कार्यशाला (Gen-N Post Offices) का आयोजन होगा।
इसके पश्चात 13 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को 'वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक उपसंभागीय स्तर पर अनिवार्य रूप से 'डाक चौपाल' आयोजित की जाएगी। इसमें बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) और आधार शिविरों का आयोजन मुख्य रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं पिछड़े क्षेत्रों को केंद्रित कर किया जाएगा तथा रिफॉर्म उत्सव से संबंधित गतिविधियां संचालित होंगी।
सप्ताह के दौरान 14 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को 'मेल्स एवं पार्सल दिवस' आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्राहक मिलन समारोह आयोजित कर ग्राहकों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा और डाक विभाग की विभिन्न मेल व पार्सल सेवाओं की जानकारी देते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही HRO एवं SRO द्वारा अपनी इकाइयों में सॉर्टिंग कॉन्टेस्ट का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह का समापन 15 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को 'प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस' के साथ होगा। इस दिन डाकघरों में लागू की गई नई प्रौद्योगिकियों पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी तथा डाक सेवाओं एवं इस वर्ष की थीम के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से डाक विभाग अपनी सभी नवीनतम सेवाओं को आम जनता तक पहुँचाने और ग्राहक सम्मेलनों के ज़रिए सेवाओं में सुधार हेतु आवश्यक सुझाव प्राप्त करने के लिए प्रयासरत है।