रायपुर

मोका चक्रवातः पांच दिन का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा असर

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात मोका सक्रिय हो रहा है, जो बंगाल की खाड़ी में बन रहा है। छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में इसका असर दिखेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने इस मोका चक्रवात के लिए पांच दिनों का अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है और टूरिस्ट के तटीय इलाकों व आइलैंड पर जाने पर रोक लगा दी गई है।

छत्तीसगढ़ के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि सात मई से उत्तर पश्चिम से शुष्क हवा आने की संभावना है। इसके कारण प्रदेश में सात मई का मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। वहीं उन्होंने प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है।

बता दें कि चक्रवात मोका दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बनेगा। इसके चलते छत्तीसगढ़ समेत नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल में छिटपुट बौछारें होंगी और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं.

समुद्री चक्रवात के तटीय इलाकों और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के आसपास चक्रवात की सक्रियता ज्यादा रहने का अनुमान है। यहां तेज हवा चलने के साथ ही समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका भी रहेगी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए यहां पर्यटकों के आने पर रोक लगाई गई है। जबकि प्रदेश में मौसम में बदलाव की संभावना अधिक है. साथ ही सामान्य से तेज हवा भी चल सकती है।