खेल

वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर Sir Garfield Sobers का निधन

डेस्क। क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स (Garry Sobers) का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस बेहद दुखद खबर की आधिकारिक पुष्टि की। उनके निधन से दुनिया भर के खेल प्रशंसकों और दिग्गजों में शोक की लहर दौड़ गई है।

वेस्टइंडीज क्रिकेट ने अपने आधिकारिक बयान में सोबर्स के निधन की जानकारी साझा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा। बोर्ड ने लिखा कि एक शानदार और ऐतिहासिक पारी का समापन हो गया है. सर गारफील्ड सोबर्स अब और हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। उनके बेटे डेनियल सोबर्स ने भी पुष्टि की कि दिग्गज क्रिकेटर ने बारबाडोस स्थित अपने आवास पर आखिरी सांस ली।

28 जुलाई, 1936 को बारबाडोस में जन्मे सर गारफील्ड सोबर्स ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चमत्कारी खेल शैली से दशकों तक राज किया। उन्होंने अपने करियर में 93 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 160 पारियों में शानदार 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 26 शतक और 30 अर्धशतक निकले. टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 365 रन रहा, जो लंबे समय तक एक विश्व रिकॉर्ड था। इसके अलावा उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से टेस्ट में 235 विकेट भी चटकाए. प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम एक ओवर में 6 छक्के जड़ने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी दर्ज है।

सर गारफील्ड सोबर्स के निधन पर बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया मोटली ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उनके सम्मान में बारबाडोस में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है, जिसके तहत सभी राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। सोबर्स को क्रिकेट इतिहास में डॉन ब्रैडमैन के बाद सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी माना जाता रहा है। उनके जाने से खेल के मैदान का एक बेहद जीवंत और गरिमामय अध्याय हमेशा के लिए बंद हो गया है।