छत्तीसगढ़

गर्म से सर्द हुआ छत्तीसगढ़... चल रही ठंडी हवाओं की बयार... सोमवार को भी मौसम में नरमी के आसार

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रविवार को भी बादल छाए हुए हैं, वहीं कई जगहों पर हल्की बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर की बात करें, तो यहां भी सुबह से ही बादल छाया हुआ है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 20 मार्च तक बारिश की संभावना जताई है।

प्रदेश के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में भी रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। आफत की इस बारिश से दंतेवाड़ा की व्यासायिक नगरी गीदम में करीब 10 से ज्यादा मकानों पर पेड़ गिर गए हैं। इससे घरों की छत टूट गई है। हालांकि, किसी जनहानि की खबर नहीं है। दंतेवाड़ा के कुआकोंडा इलाके में बिजली गुल हो गई है। करीब 70 से ज्यादा गांवों में बिजली नहीं है। बीजापुर जिले में ओलावृष्टि भी हुई है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रविवार को तीसरे दिन भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो रही है। आज सुबह से ही अमरकंटक जाने वाले सभी रास्तों पर कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी बेहद कम रही। सुबह से सूरज बादलों के पीछे ही छिपा दिखाई दिया। तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 20 मार्च कर कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, महासमुंद, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी है।

वहीं कोरिया, बिलासपुर, पेंड्रा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार और राजनांदगांव में यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट का अर्थ होता है कि मौसम में बदलाव से पैदा होने वाली किसी भी आपातकाल स्थिति के लिए तैयार रहें, जबकि यलो अलर्ट का मतलब होता है कि मौसम बदल सकता है, इसलिए लोग सतर्क रहें।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, इसके कारण राजस्थान के ऊपर प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना है। दोनों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ को बंगाल की खाड़ी से भरपूर नमी मिल रही है। इसलिए यहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।