छत्तीसगढ़

काष्ठशिल्पी अजय ने मुख्यमंत्री बघेल से की मुलाकात, पद्मश्री के लिए हुआ है चयन

रायपुर। पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित काष्ठ शिल्पी अजय मंडावी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। काष्ठ शिल्प में सिद्धहस्त अजय को मुख्यमंत्री ने पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित होने पर बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अजय ने अपनी कला से जिन ऊंचाईयों को छुआ, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अजय मंडावी केवल कांकेर जिले ही नहीं अपितु छत्तीसगढ़ के भी गौरव हैं। इनकी अद्भुत कला और शिल्प से प्रदेश को नई पहचान मिली है। विधिवत प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता के बिना अपने संसाधनों के बल पर अजय ने सफलता की इन उंचाईयों को छुआ है। वह आने वाले पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी है।

बतादें कि मंडावी ने अपनी कला की यात्रा  में कई  सुंदर प्रतिमानों को गढ़ा है। इनमें से एक मुख्यतः शांता आर्टस कला समूह ऐसे बंदी समूह का प्रतिष्ठित नाम है, जिसके अधिकांश सदस्य अलग-अलग समय में नक्सली बारदात से छूटकर कला के माध्यम से समाज के मुख्यधारा में जुड़ गए हैं।

यह एक ऐसा सेतु है, जो कैदियों के पुर्नवास के लिए नैतिक ढंग से आर्थिक उपार्जन करने के लिए बनाया गया है। इसके प्रशिक्षक और मार्गदर्शक काष्ठ कलाकार अजय मंडावी हैं, जो कैदियों को कला की शिक्षा देने की साथ ही उन्हें मनोवैज्ञानिक रूप से समाज में एक बेहतर मुनष्य के रूप में गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए तैयार करते है। वे इन कैदियों के लिए एक बेहतर सामाजिक वातावरण भी रचते हैं।