निर्दयी हत्याराः सात दिन के मासूम को फेंका तालाब में, मां का रो-रोकर बुरा हाल
2023-03-29 12:11 PM
249
रायपुर। धमतरी जिले में एक ह्दय विदारक घटना सामने आई है। एक निर्दयी हत्यारे ने सात दिन के मासूम की हत्या करने के इरादे से उसे तालाब में फेंक दिया। घटना के बाद नवजात की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र के ग्राम बगौद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुरुद क्षेत्र के ग्राम बगौद निवासी हरिश कुमार बंजारे के घर सात दिन पहले एक लड़के का जन्म हुआ। घर पर खुशियों का माहौल था। सोमवार रात घर के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए। बच्चे की मां दिनेश्वरी भी सोने चली गई। रात करीब 2 बजे वह उठी और बाथरूम चली गई। वापस आकर देखी तो उसके बिस्तर पर बच्चा नहीं था। इसके बाद उनसे पूरे घर में बच्चे की तलाश की। और घर के सभी लोगों को उठा दिया।

बच्चे के अचानक गायब हो जाने से पूरे घर में हड़कंप मच गया। सुबह तक घर और आसपास में बच्चे की तलाश जारी रही। मंगलवार सुबह सात बजे पड़ोस के कुछ लोग पास के तालाब की ओर गए, वहां उन्हें नवजात का कपड़ा दिखा। उन्होंने हरिश को इसकी सूचना दी। घरवालों ने जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। वह उनके ही बच्चे का पहना हुआ कपड़ा था। लेकिन, आसपास बच्चा नजर नहीं आया।
सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची। कुछ देर की तलाश के बाद बच्चे का शव उन्हें मिल गया। बच्चे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बच्चे की हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध भी दर्ज कर लिया है।