छत्तीसगढ़

शादी समारोह से लौट रही स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 7 लोग गंभीर रूप से घायल

रायपुर। बलौदाबाजार जिले में शादी समारोह से लौट रही स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सात से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। घटना बलौदाबाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र अंतर्गत धाराशिव गांव के समीप की है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर सीधे एक घर की दीवार में जा घुसी। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार सात लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय ग्रामीणों की मदद से निजी वाहनों से अस्पताल पहुँचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल एक शादी समारोह से लौट रहे थे और इस दौरान ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। झपकी की वजह से गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई, उसे तोड़ते हुए आगे जाकर एक कच्चे मकान की दीवार में जा घुसी।

हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता से स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें निजी वाहनों के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुँचाया।स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर अंधेरा था, जिससे राहत कार्य में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन सामूहिक प्रयासों से सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल भेजा जा सका।