मदनवाड़ा नक्सली वारदात में शामिल 16 लाख के ईनामी नक्सली दंपत्ति ने किया आत्मसमर्पण
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कोंड़ागांव जिले में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राजनांदगांव के मदनवाड़ा कोरकोट्टी नक्सली वारदात में शामिल एवं कोण्डागांव, कांकेर व नारायणपुर के सीमावती क्षेत्रों में सक्रिय 16 लाख का ईनामी नक्सली दंपती ने सरेंडर कर दिया है।
नक्सली संगठन के कंपनी नबंर 5 पीपीसी कैडर के नक्सली रैसिंग कुमेटी उर्फ रतनसिंग कुमेटी पिता स्व. चैतराम कुमेटी (ईनामी 8 लाख) 35 वर्ष निवासी ग्राम देवगांव, थाना आमाबेड़ा जिला कांकेर एवं पुनाय आचला उर्फ हिरोया पति रैसिंग (ईनामी 8 लाख) उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम आलप्रस, थाना कोयलीबेड़ा, जिला कांकेर छ.ग. ने कोंड़ागांव एसपी वॉय अक्षय कुमार के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। दोनो ईनामी नक्सली दंपत्ति को प्रोत्साहन राशि 50-50 हजार रूपये प्रदाय किया गया।
जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सली दंपत्ति रैसिंग कुमेटी उर्फ रतनसिंग कुमेटी एवं पुनाय आचला उर्फ हिरोया पर 8-8 लाख रूपये कुल 16 लाख रूपये का ईनाम घोषित है। आत्मसमर्पित नक्सली रैसिंग उर्फ रतनसिंह वर्ष 2002 से 2023 तक एवं पुनाय उर्फ हिरोंया वर्ष 2005 से 2023 तक नक्सली संगठन में ये सक्रिय रहे । दोनों नक्सली जिला कोण्डागांव, कांकेर, राजनांदगांव, गरियाबंद, धमतरी व नारायणपुर के क्षेत्रों में विभिन्न गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं । जिसमें मुख्य रूप से वर्ष 2009 में जिला राजनांदगांव के मदनवाड़ा कोरकोट्टी के पास हुये नक्सली वारदात में शामिल रहा। उक्त घटना में पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सहित कुल 29 जवान बलीदान हो गये थे ।