छत्तीसगढ़

सरकार ने राज्य खेल अलंकरण पुरस्कारों हेतु आवेदन मंगाए, इस दिन से पहले करें आवेदन

Raipur News: छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2023-24 और 2024-25 के लिए राज्य स्तरीय खेल अलंकरण पुरस्कारों  की घोषणा की है। इस योजना का उद्देश्य राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पहचान और प्रोत्साहन देना है। इच्छुक आवेदकों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून 2025 तय की गई है।

इस साल भी पुरस्कारों को राज्य के वीर शहीदों के नाम पर समर्पित किया गया है। शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के अंतर्गत 3 लाख रुपये, शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के अंतर्गत 1.5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।  इसके अलावा, शहीद पंकज विक्रम और विनोद चौबे सम्मान में 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि तय की गई है।

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत उत्कृष्ट टीमों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। इसमें टीम के खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर 1 लाख से लेकर 5 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि निर्धारित की pगई है। यह ट्रॉफी खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का सार्वजनिक सम्मान होगी।

प्रेरणा निधि और खेलवृत्ति (डाईट मनी ) के रूप में भी चयनित खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। डाईट मनी के लिए अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को भी उनकी भूमिका और योगदान के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।

http://sportsyw.cg.gov.in वेबसाइट से आवेदन फार्म डाउनलोड किया जा सकता है। साथ ही, जिला खेल कार्यालय या राज्य खेल संचालनालय रायपुर से भी आवेदन प्राप्त कर सकते हैं। सभी आवेदकों को अपने साथ आवश्यक प्रमाणपत्र संलग्न करने होंगे। विशेष रूप से, शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए आवेदन केवल राज्य खेल संघों की अनुशंसा के साथ ही मान्य होंगे। चयन प्रक्रिया खेल संघों की अनुशंसा, खेल उपलब्धियों और निर्धारित पात्रता के आधार पर की जाएगी।