भूख हड़ताल के 30वें घंटे झुका प्रशासन : व्यापारियों से मिलने प्रदर्शन स्थल पहुंचे CMO, बोले- निर्माण पूरा नहीं होने तक नहीं होगा विस्थापन, अब प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से करेगा मुलाकात
गरियाबंद। नगर पालिका के शुक्रवारी बाजार में फुटकर व्यापारियों के व्यवस्थापन को लेकर चल रही भूख हड़ताल रविवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गई। भूख हड़ताल के 30वें घंटे पालिका सीएमओ गिरीश चंद्रा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ गांधी मैदान पहुंचे और व्यापारियों को आश्वासन दिया कि शेड निर्माण पूरी तरह होने तक किसी भी व्यापारी को विस्थापित नहीं किया जाएगा।
शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू हुई भूख हड़ताल पर बैठे व्यापारियों और पालिका प्रशासन के बीच शुरुआती बातचीत तल्ख रही। व्यापारियों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण बाजार आबंटन का आरोप लगाते हुए जमकर नाराजगी जताई। इस बीच कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश ने शांतिपूर्वक संवाद की अपील की, जिसके बाद बातचीत का रास्ता खुला।
CMO गिरीश चंद्रा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सभी मांगों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कलेक्टर से मुलाकात करेगा। सहमति बनने के बाद कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश ने भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवाया। इस समझौते में नगर पार्षद पुना राम यादव, छगन यादव और गेंदलाल सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।