BREAKING NEWS : CM भूपेश को ग्रामीणों ने पहनाई 20 रुपए के नोट की माला... ग्रामीणों ने नोटों की माला से क्यों किया स्वागत... पढ़िए
2023-04-02 01:20 PM 544
दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के ग्राम निकुम पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत करने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। हेलीकॉप्टर से उतरकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जैसे-जैसे आगे बढ़ते रहे, स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इसी बीच किसानों ने उन्हें 20 रुपए के नोटों की माला पहना कर उनका अनोखे तरीके से स्वागत किया, जिस पर मुख्यमंत्री का ठिठकना स्वाभाविक था।
अब तक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्वागत होता रहा है। कहीं धान से उनका सत्कार किया गया, तो कहीं पर नारियल भेंटकर, तो कहीं फलों से तो कहीं सब्जियों से भी उनका स्वागत हुआ है। यह पहली बार है, जब मुख्यमंत्री को नोटों की माला पहनाई गई है।
नोटों की माला, वह भी 20-20 की करंसी के पीछे आखिर वजह क्या है, यह जानने का विषय है। मुख्यमंत्री खुद भी इस सवाल का जवाब जानना चाह रहे थे, तो इसका खुलासा किसानों ने खुद ही कर दिया। दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अब से प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी के बजाय 20 क्विंटल धान खरीदने की घोषणा की है।
प्रदेश के किसानों को प्रति एकड़ 5 क्विंटल धान के पीछे अतिरिक्त समर्थन मूल्य प्राप्त होगा, इससे उनकी सालाना आय में काफी वृद्धि होगी। यही वजह थी कि किसानों ने प्रतीक स्वरूप 20 रुपए के नोटों की माला से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया।