उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट... राजधानी सहित पूरे प्रदेश में हो रही बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। 7 जुलाई को अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बिलासपुर संभाग के अधिकांश स्थानों पर वर्षा हुई है, वहीं कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 जुलाई को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तीव्र और अति भारी वर्षा की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर सहित अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र,जो 7.6 किमी. ऊँचाई तक फैले चक्रीय परिसंचरण से जुड़ा है, धीरे-धीरे झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से अगले 48 घंटों तक तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएँ हो सकती हैं।
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर सूरतगढ़, सिरसा, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज, बांकुरा, दीघा और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उसके आसपास बन गया है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर अगले दो दिनों में पहुंचने की संभावना है।
एक द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर से गंगेटिक पश्चिम बंगाल में स्थित निम्न दाब के क्षेत्र तक, उत्तर गुजरात, मध्य मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, दक्षिण झारखंड होते हुए 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 7 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।