बिलासपुर – जिले में कोरी डेम पिकनिक स्पॉट पर हुड़दंग और लापरवाही को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंटबाज़ी करने वाले युवकों के ख़िलाफ़ कोटा पुलिस ने शिकंजा कसा है।
कोटा थाना क्षेत्र के घोंघा जलाशय स्थित कोरी डेम में कुछ युवक शराब पीकर गाड़ियों से स्टंट करते नज़र आए। बारिश के मौसम में जहां नदी-नालों में पानी का बहाव तेज़ है, वहीं इन युवकों की यह हरकत जानलेवा साबित हो सकती थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, “चेतना विरुद्ध नशा” और “प्रहार” अभियान के तहत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने 16 आरोपियों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस सिर्फ़ कार्रवाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए डेम के आसपास लाउडस्पीकर से मुनादी भी करवाई गई। लाउडस्पीकर से साफ़ ऐलान किया गया नदी किनारे न जाएं, बच्चों को पानी से दूर रखें और शराब सेवन से बचें। पुलिस की यह अपील कोरी डेम के आसपास के गांवों में भी सुनाई दी। लगातार हो रही बारिश और जल स्तर बढ़ने के कारण प्रशासन किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव में जुटा है।