गरियाबंद| गरियाबंद में आज तेज बारिश के बीच कलेक्टोरेट परिसर के मुख्य गेट पर एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिस के जवान भीगते हुए वहां डटे रहे और आने-जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को एक-एक कर रोककर हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता को लेकर समझाइश देते नज़र आए।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है, जिसमें सभी सरकारी व अर्ध-सरकारी कार्यालयों में प्रवेश के लिए अब दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। आज समझाइश का दिन था, लेकिन कल से बिना हेलमेट आने पर सीधे ₹1000 का चालान किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, अब बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। वहीं, कार से आने वाले सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को सीट बेल्ट लगाकर आना होगा — केवल चालक ही नहीं, सभी सहयात्रियों के लिए भी यह नियम लागू रहेगा।