छत्तीसगढ़

सीएम साय ने मोदी को दिया अटल रजत जयंती महोत्सव का न्योता.. मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले...

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली प्रवास से रायपुर लौट आए हैं। राजधानी लौटने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें राज्य में आयोजित होने वाले अटल रजत जयंती महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हो रही चर्चाओं पर सीएम साय ने कहा कि इंतजार कीजिए, जल्द विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस दौरान उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात हुई। इन बैठकों में प्रदेश के विकास, आगामी योजनाएं और लंबित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।सीएम साय ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

बतादें कि साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान राज्य सरकार की भावी योजनाओं, विकास की प्राथमिकताओं और जनकल्याण से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी भी दी। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, माओवादी चुनौती से निपटने की रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके साथ केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से राज्य की महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं, विशेषकर बस्तर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना पर विस्तार से चर्चा की।