छत्तीसगढ़

ज्वेलरी शॉप और मेडिकल स्टोर में चोरी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, सोना-चांदी और नगदी बरामद

बिलासपुर| बिलासपुर में खमतराई रोड स्थित गीता ज्वेलर्स और ओम मेडिकल स्टोर में हुई दो बड़ी चोरियों का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल और नगदी रकम बरामद कर ली गई।

मामला 8 अगस्त 2025 का है, जब प्रार्थी रितेश गुप्ता (निवासी देवंदन नगर फेस 2, सरकंडा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे वह अपनी ज्वेलरी शॉप बंद कर घर गया था। अगले दिन सुबह 8 बजे मकान मालिक ने फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और 3,000 रुपये नगद चोरी हो चुके हैं।

इसी तरह, प्रार्थी केशव प्रसाद साहू, जो खमतराई रोड में ओम मेडिकल चलाते हैं, ने भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर जाने के बाद, सुबह 7:30 बजे लौटे तो ताला टूटा मिला और काउंटर से 2,700 रुपये नगद गायब थे।

दोनों मामलों पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू टीम और थाना सरकंडा की संयुक्त टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, एसीसीयू प्रभारी अनुज कुमार और सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने स्वर्णिम ऐरा कॉलोनी में दबिश दी और संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने गीता ज्वेलर्स और ओम मेडिकल, दोनों में चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण और 2,700 रुपये नगद बरामद किए गए।