छत्तीसगढ़

खेत में पंप चलाते समय करेंट से दो की मौत, एक गंभीर

पेंड्रा/मरवाही । मरवाही के लटकोनीखुर्द गांव में  शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में पंप चलाते समय करेंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे में पीताम्बर यादव और रामभद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सेमलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस और आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पंप सेट चलाते समय विद्युत प्रवाह के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ।
 

ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय सभी खेत में सिंचाई का काम कर रहे थे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।