छत्तीसगढ़

सेल-भिलाई में महिला ठेका श्रमिकों के लिए ‘नई चेतना’ कार्यक्रम, अधिकारों और स्वास्थ्य की दी जानकारी

रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र के परियोजनाएँ विभाग में मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) उन्मेश भारद्वाज और मानस कुमार गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में मानव संसाधन विभाग द्वारा महिला ठेका श्रमिकों के लिए नई चेतनाकार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला ठेका श्रमिकों को उनके वैधानिक अधिकारों, कल्याणकारी सुविधाओं, वेतन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यौन उत्पीड़न से जुड़ी जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) शुभश्री प्रशान्त, सहायक महाप्रबंधक (एच.आर.-गैर संकार्य एवं खदान) नरेन्द्र इंगले, उप प्रबंधक (मानव संसाधन-मिल्स जोन 1) समायला अंसारी, अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी (आईआर) राजेश मौर्य सहित विभागीय कर्मचारी और ठेका श्रमिक महिलाएं उपस्थित थीं।

मुख्य अतिथियों ने इस अवसर पर कहा कि संयंत्र द्वारा महिला कर्मियों के हितार्थ चलाए जा रहे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने के लिए इस तरह की कार्यशालाएँ आवश्यक हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत प्रत्येक महिला ठेका श्रमिक के लिए अपने अधिकारों, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला श्रमिकों से आग्रह किया कि वे सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर दी जा रही जानकारियों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्रीमती शुभश्री प्रशान्त ने स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उप प्रबंधक श्रीमती समायला अंसारी ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से बचाव और संबंधित नियमों की जानकारी प्रदान की। अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी राजेश मौर्य ने न्यूनतम वेतन, बोनस, पीएफ और ईएसआईसी जैसी लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा, अनुभूति फाउंडेशन की संचालिका डिम्पल कौर ने महिलाओं को माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं और उनके निदान के उपायों के बारे में समझाया। कार्यक्रम में सभी उपस्थित महिलाओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।