जांचगीर—चांपा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल को जांजगीर पुलिस ने 6 अप्रैल की रात गिरफ्तार किया और अब उसे अग्रिम जमानत पर थाने से रिहा कर दिया गया है। इसकी जानकारी उप पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर परमा ने दी है। पलाश चंदेल पर नैला की रहने वाली स्पोर्ट्स टीचर ने यौन शोषण और धोखे से गर्भपात करवाने का आरोप लगाया है।
इस पूरे मामले को लेकर DSP चंद्रशेखर परमा ने बताया कि यौन शोषण और गर्भपात के मामले में फरार चल रहे पलाश चंदेल को गुरुवार देर रात जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार किया। सत्र न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका रद्द होने पर आरोपी ने बिलासपुर हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका लगाई थी। जहां उसे अतंरिम अग्रिम जमानत मिल गई है। इसके बाद उसे थाने से ही रिहा कर दिया गया।
आरोपी पलाश चंदेल का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। DSP ने बताया कि पलाश के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में धारा 376, 313 भादवि एवं एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। 2 दिन पहले यानि मंगलवार को बिलासपुर हाईकोर्ट ने पलाश चंदेल की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए बेल स्वीकार कर लिया था। बिलासपुर हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार अग्रिम जमानत शर्तों के अनुरूप दी गई है। 25 हजार रुपए के बॉन्ड पर बेल दी गई।
बता दें कि पहले पीड़ित महिला ने रायपुर के महिला थाने में पलाश चंदेल के खिलाफ रेप और गर्भपात कराने की शिकायत दर्ज कराई थी। रायपुर में शून्य में अपराध दर्ज करने के बाद मामला जांजगीर ट्रांसफर किया गया। महिला के आदिवासी होने के चलते एट्रोसिटी की धारा भी जोड़ी गई थी। इस बीच केस दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि इसी बीच जांजगीर के सत्र न्यायालय से उसकी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज हो गई। इसके बाद उसने बिलासपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी।