छत्तीसगढ़

CG NEWS : आखिरकार विधायक ने मांगी माफी... बैंक कर्मियों ने वापस लिया हड़ताल... विवादित मामले का हुआ पटाक्षेप

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह को आखिरकार अपनी गलती माननी पड़ी और माफी भी मांगनी पड़ी। इसके बाद मामले का पटाक्षेप हो गया है और बैंक कर्मचारियों ने अपना हड़ताल वापस लिए जाने की घोषणा कर दी है। दोनों पक्ष ने एक दूसरे से माफी मांगकर विवाद को वहीं समाप्त करने का फैसला लिया। सर्किट हाउस में विधायक और बैंक कर्मचारियों को बुलाया गया था।

विदित है कि रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह ने सहकारी बैंक में पदस्थ दो कर्मचारियों पर थप्पड़ जड़ दिया था। इस थप्पड़ विवाद को लेकर सहकारी बैंक के कर्मचारियों ने विरोध में सामूहिक हड़ताल का फैसला लिया था और दो दिनों तक हड़ताल में भी बैठे रहे। बैंक कर्मचारियों ने मामले के पटाक्षेप के लिए एक रास्ता खुला रखा था, जिसके मुताबिक यदि विधायक अपने किए पर माफी मांग लेते हैं, तो मामला समाप्त कर दिया जाएगा। 

आज इस मामले को लेकर सर्किट हाउस में एक बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों ने विवाद पर सुलह करने की इच्छा जतायी। जिसके बाद विधायक बृहस्पत सिंह ने खेद जताया और अपने किये कृत्य को अनुचित बताया। उन्होंने माना कि भावावेश में उन्होंने जो कदम उठाया, वो उचित नहीं था। वहीं बैंक कर्मचारियों ने भी अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद मामला खत्म हो गया।