छत्तीसगढ़

नेहा बड़वाईक सेंट्रल जोन महिला क्रिकेट टीम में छत्तीसगढ की एकमात्र महिला खिलाड़ी

राजनांदगांव। बीसीसीआई सीनियर महिला इंटर जोन T20 ट्रॉफी 4 नवंबर से नागालैंड में आयोजित की जा रही है। इस टूर्नामेंट में देश के विभिन्न ज़ोननॉर्थ, साउथ, सेंट्रल, नॉर्थ ईस्ट, वेस्ट और ईस्ट जोन की महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। छत्तीसगढ़ की नेहा बड़वाईक ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा से सेंट्रल जोन टीम में जगह बनाई। इस टीम में पूरे छत्तीसगढ़ की तरफ़ से नेहा ही एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं, जिसका चयन टीम में हुआ है।

नेहा बड़वाईक ने 7 लीग मैचों में 206 रन बनाकर अपने आप को शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल किया। उनका औसत 104 से अधिक रहा, जो उनके खेल की गंभीरता और काबिलियत को दर्शाता है। नेहा बड़वाईक वर्षों से राजनांदगांव के मैदानों में बालक खिलाड़ियों के साथ खेल कर कड़ी मेहनत कर यह मुकाम बनाया है। वर्तमान में वह इंडियन रेलवे में पदस्थ है। 

राजनांदगांव निवासी नेहा के चयन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी और सचिव योगेश बागड़ी ने उन्हें आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनका चयन छत्तीसगढ़ की महिला क्रिकेट के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। नेहा बड़वाईक का चयन यह संदेश देता है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास से किसी भी प्रदेश की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ सकती है। उक्त जानकारी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी है।