छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य को जीवनशैली बनाने के संकल्प के साथ भिलाई स्टील हाफ मैराथन का 8 फरवरी को

रायपुर। भिलाई नगर के शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में आगामी 8 फरवरी 2026 को भिलाई स्टील  हाफ मैराथनका आयोजन किया गया है। इसका औपचारिक फ्लैग-ऑफ प्रातः 6:00 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में धावक स्वास्थ्य को जीवनशैली बनाने के संकल्प के साथ सहभागिता करेंगे।

इस ऐतिहासिक खेल आयोजन के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 5 फरवरी निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल www.bhilaisteelhalfmarathon.com के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। भिलाई स्टील हाफ मैराथन का उद्देश्य संयंत्र कर्मियों, भारतीय नागरिकों तथा युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन एथलेटिक्स एवं लंबी दूरी की दौड़ में भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र की सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

आयोजन में विभिन्न वर्गों के लिए कुल 8 लाख रुपये की आकर्षक नगद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। 21.09 किलोमीटर की हाफ मैराथन ओपन श्रेणी में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए 18 से 45 वर्ष तथा 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर की दौड़ भी पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए समान आयु वर्गों में आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जिससे युवा प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

दौड़ मार्ग का सुविचारित निर्धारण किया गया है, जिसमें फॉरेस्ट एवेन्यू, जवाहर उद्यान चौक, बोरिया गेट चौक, पावर हाउस स्टेशन चौक, सुपेला चौक, सेक्टर-9 अस्पताल चौक, तालपुरी चौक सहित शहर के प्रमुख मार्ग शामिल हैं। सभी दौड़ें शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में आकर संपन्न होंगी। यह आयोजन भिलाई नगर को खेल, स्वास्थ्य और सामुदायिक एकजुटता के राष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।