छत्तीसगढ़ के इस पावर प्लांट में भीषण विस्फोट, 30-40 मजदूर घायल, मौत की आशंका
रायपुर। प्रदेश के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वंदना लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार को एक भीषण हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट के बॉयलर में अचानक विस्फोट हो गया, जिसके बाद आग और धुएं का गुबार फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय प्लांट परिसर में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के श्रमिक घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हादसे में करीब 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूत्रों के अनुसार कुछ मजदूरों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।