छत्तीसगढ़

अवैध निर्माण तोड़ने पहुंचा नगर निगम अमला... कब्जाधारियों ने बरसाए ईंट—पत्थर... पुलिस सहित उल्टे पांव लौटी टीम

छत्तीसगढ़ में दुर्ग के सरस्वती नगर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। बता दें कि नगर निगम की टीम सरकारी जमीन पर जो लोग अतिक्रमण करके रहते है उन्हें हटाने गई थी तभी गुस्साए लोगों ने जेसीबी पर ही ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। वहीं पुलिस ने जब लोगों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने ने पुलिस से भी झूमा झटकी कर दी। इसके बाद निगम की टीम अपनी कार्रवाई बीच में ही रोककर बैरंग लौट गई।

जानकारी के अनुसार दुर्ग निगम के सरस्वती नगर वार्ड क्रमांक 34 में लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। निगम प्रशासन को 12 लोगों द्वारा कब्जा कर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत मिली थी । शिकायत पर दुर्ग नगर निगम के सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान अपनी टीम के साथ सोमवार दोपहर वार्ड 34 सरस्वती नगर स्थित कुंदरापारा में अवैध कब्जाधारियों का निर्माण तोड़ने गए थे। जैसे ही उन्होंने वहां अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया, इससे गुस्साए लोगों ने वहां पड़े ईंट-पत्थरों से टीम पर अटैक कर दिया। महिलाओं ने निगम टीम के साथ गाली-गलौज भी की।

लोगों का कहना था कि निगम ने उन्हें कार्यवाही से पहले किसी तरह का नोटिस नहीं दिया है। वे यहां सालों से रह रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में से कुछ ने जेसीबी पर ईंट और पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ लोग निगम कर्मचारियों से उलझ गए l जिसमें महिलाएं शामिल थी। घटना स्थल पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोका। स्थिति को देखते हुए निगम अधिकारी कब्जा हटाने की कार्रवाई स्थगित कर लौट आए। वहीं बीओ का कहना है कि जल्द ही वो अधिक पुलिस बल के साथ निर्माण को तोड़ने जाएंगे।

सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कुंदरापारा में 12 लोगों ने शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कर लिया है। निगम ने उन लोगों को तीन बार निर्माण हटाने का नोटिस दिया था। कुछ लोगों का आरोप है कि उन्हें एक ही बार नोटिस मिला। ये वे लोग हैं, जिन्होंने नया निर्माण किया है। अफसरों की माने तो जितने भी लोग यहां रह रहे हैं उनको अटल आवास या बॉम्बे आवास में शिफ्ट किया जाएगा उसके बाद यहां से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।