छत्तीसगढ़ के इस पार्षद की सामने आई दिलेरी... आसमान छूती कीमतों के बाद भी... मुफ्त में बांटे 500 किलो टमाटर
2023-07-15 11:51 AM
298
देश में टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। टमाटर 100 से 120 रुपए किलो में बिक रहा है, जिसकी वजह से टमाटर आम आदमी की थाली से बाहर हो गया है। महज 20 से 30 रुपये किलो मिलने वाला टमाटर इन दिनों छत्तीसगढ़ में 100 से 120 रुपये किलो तक बिक रहा है। आलम यह है कि ज्यादातर लोगों ने तो टमाटर की तरफ देखना भी बंद कर दिया है।

ऐसे में भिलाई के रामनगर वार्ड 26 से भाजपा पार्षद रिकेश सेन की दिलेरी और अपने वार्ड के लोगों के प्रति मानवीयता नजर आई है। पार्षद सेन ने अपने वार्ड के लोगों को महंगाई के इस मौसम में अनोखा तोहफा दिया है। सूत्र बताते हैं कि वार्ड के पार्षद सेन ने करीब 500 किलो टमाटर अपने वार्ड के लोगों के बीच मुफ्त में बंटवाया है।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक भिलाई के भाजपाई पार्षद रिकेश सेन ने टमाटर बांटने के लिए बाकायदा 1-1 किलो के पैकेट तैयार कराया था। पार्षद सेन ने वार्ड के लोगों को मुफ्त में एक- एक किलो टमाटर पहुंचाया, जिसके चलते लोगों का चेहरा खुशी से लाल हो गया।
पार्षद रिकेश सेन का कहना है कि महंगे टमाटर ने लोगों को परेशान कर रखा है। आम लोगों को इसे खरीदने में दिक्कत हो रही है। थाली से टमाटर गायब ना हो जाए इस कारण वे लोगों को मुफ्त में बाँट रहे हैं। उन्होंने बताया की 5 सौ किलो टमाटर वॉर्ड वासियों में बांट दिए हैं।