छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा... सीमेंट फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट... 3 लोगों के उड़े चिथड़े, दो की हालत गंभीर
2023-07-18 05:29 PM
1310
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, जहां हिरमी में स्थापित सीमेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में तीन लोगों के मौत की खबर है, तो दो लोगों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है। इस घटना की पुष्टि बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा ने की है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक हादसा दोपहर बाद का है। जिले के हिरमी में अल्ट्राटेक सीमेंट का प्लांट स्थापित है। बताया जा रहा है कि प्लांट में काम चल रहा था, सभी अपने काम में व्यस्त थे, इसी दौरान एक जोर का धमाका हुआ। काफी देर तक मौके पर धूल और धुंए का गुबार था।
इस ब्लास्ट के बाद कुछ देर के लिए फैक्ट्री में मौजूद लोग पूरी तरह से स्तब्ध थे। जब धूल का गुबार छटा, तो आंखों के सामने जो मंजर था, वह हर किसी के दिल को दहलाने वाला था। दरअसल, वहां पर तीन लोगों के चिथड़े उड़ गए थे, तो वहीं दो लोग मारे दर्द के कराह रहे थे। जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसके तुरंत बाद ही उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया। इस मामले में पूरी जानकारी अभी भी सामने नहीं आ पाई है।