स्कूल बस और ट्रेलर में टक्कर, कई बच्चे घायल
रायपुर। कोरबा जिले के घरघोड़ा ब्लाक के ग्राम कंचनपुर फाटक के पास बुधवार दोपहर ढाई बजे स्कूल बस और ट्रेलर में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं। वहीं बस चालक घटना के बाद बस के केबिन में फंस गया था, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह बाहर निकाला और घायल बच्चों सहित चालक को अस्पातल पहुंचाया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना के दौरान बस में कई बच्चे सवार थे। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचे एसडीओपी दीपक मिश्रा ने बताया कि ट्रेलर व स्कूल बस के बीच जोरदार टक्कर हुई है। सबसे पहले घायल बच्चों और बस चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। टक्कर के बाद स्कूल बस के चालक का पैर केबिन में फंस गया था, जिसे बड़ी मुश्किल से निकाला गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।