छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में तेजी से पांव पसार रहा डायरिया... बिलासपुर में अब तक 5 मौतें... राजधानी में भी बढ़ रही बीमारों की तादाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डायरिया तेजी से अपने पांव पसार रहा है। प्रदेश के लगभग घरों में लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। उल्टी, दस्त और बुखार की वजह से लोगों की सेहत लगातार बिगड़ रही है। इसी डायरिया की चपेट में आकर बिलासपुर में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी से लेकर प्रदेश के सभी जिलों में डायरिया का बढ़ता प्रकोप चिंता का विषय बन गया है। 

ताजा जानकारी के मुताबिक बिलासपुर जिले में डायरिया से गुरुवार को पांचवीं मौत हो गई है। हथनी गांव की रहने वाली 32 वर्षीय महिला परमेश्वरी की मौत सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। मौत की पुष्टि सरपंच गांधी यादव ने की। मामला बिल्हा विधानसभा क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सरपंच गांधी यादव ने बताया कि परमेश्वरी को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। पहले उसे बिल्हा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन जब हालत बिगड़ी, तो उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बिल्हा में उसका सही इलाज नहीं हो पाया, जिससे सिम्स पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई।

गंदे पानी की वजह से बढ़ रहा प्रकोप
डॉक्टरों की माने तो डायरिया जलजनित बीमारी है। खासतौर पर यह बारिश के दिनों में देखने में आता है। इस दौरान दूषित पानी का उपयोग करने की वजह से लोग उल्टी, दस्त और बुखार के शिकार हो जाते हैं, जिसकी वजह से मौत तक हो जाती है।