सावधान.... छत्तीसगढ़ में कंजेक्टिवाइटिस अब तक मिले 19 हजार मरीज... स्कूलों में तेजी से फैल रहा इंफेक्शन
2023-07-27 03:13 PM
226
रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में आई फ्लू के मामले तेजी से पैर पसार रहे हैं। इसे लेकर छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। बता दें कि प्रदेश में एक सप्ताह में कंजेक्टिवाइटिस के 19 हजार 155 मरीज सामने आए हैं। वहीं आज सरगुजा जिले के नवोदय विद्यालय के 120 बच्चों में संक्रमण मिला है।
राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में आई फ्लू के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। बारिश और नमी के मौसम में ये इंफेक्शन तेजी से लोगों में फैल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में इसके केस सामने आए हैं। इसी के साथ ही स्कूलों में भी ये इंफेक्शन तेजी से फैल रहा है। जिसे देखते हुए जिन बच्चों में इस बीमारी के लक्षण दिखाई दे रहे हैं उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
आपको बता दें कि 23 जुलाई को बालोद के आदिवासी विकासखंड डौंडी अंतर्गत संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लगभग 17 बच्चे कंजेक्टिवाइटिस इंफेक्शन यानी आंख के इंफेक्शन का शिकार हो गए थे। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी में उपचार करवाकर कैंपस के अंदर अलग कैंप में अइसोलेट रखा गया है।
सरगुजा जिले के नवोदय विद्यालय में करीब 120 बच्चे आई फ्लू की बीमारी से ग्रसित पाए गए हैं। बता दें कि सरगुजा जिले में बदलते मौसम के कारण कई बीमारियां सामने आ रही हैं। इन दिनों सरगुजा जिले में आई फ्लू कंजंक्टिवाइटिस के मरीज अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रोजाना 2 दर्जन से अधिक आ रहे हैं।