चिटफंड कंपनी विनायक होम्स का संचालक गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने उज्जैन से किया गिरफ्तार
2023-07-27 04:31 PM
350
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने चिटफंड कंपनी विनायक होम्स के संचालक फूलचंद बिशे को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। निवेशकों से 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का इनवेस्ट कराने के बाद वह फरार हो गया था। तब से प्रदेश के अलग-अलग थानों की पुलिस को उसकी तलाश थी। कामयाबी जशपुर पुलिस को मिली है। उसे छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है।
बता दें कि विनायक होम्स रियल इस्टेट कंपनी के रूप में रजिस्टर्ड है, जिसकी आड़ में जितेंद्र बिशे और फूलचंद बिशे ने ठगी का कारोबार शुरू कर दिया था। अपनी कंपनी को चिटफंड कंपनी का रूप दे दिया और फिर अपने साथियों और कर्मचारी व एजेंट नियुक्त कर निवेशकों को झांसे में लेने लगे। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश भी कर दिया। बाद में कंपनी के दफ्तर में ताला बंद कर फरार हो गए। तब अलग-अलग थानों में कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने अलग-अलग थानों में मिली शिकायतों की जांच कर पता लगाया तो जानकारी हुई कि 2500 से अधिक लोगों ने उनकी कंपनी में पैसे डबल होने के लालच में निवेश किया था। इस तरह कुल 7 करोड़ से ज्यादा पैसे कंपनी के खाते में जमा हुए थे। निवेशक अलग-अलग जिलों के थे, जिनमें से सर्वाधिक जांजगीर-चांपा जिले के हैं। जांच में पता चला कि कंपनी का ऑफिस उन्होंने चांपा में खोला था. उधर जशपुर थाने में भी रिपोर्ट दर्ज थी और वहां की पुलिस को भी आरोपीयों की तलाश थी।