छत्तीसगढ़

शिक्षा विभाग में फर्जी पोस्टिंग, दुर्ग ,रायपुर, सरगुजा के ज्वाइंट डायरेक्टर सहित 10 अफसर निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में शासन का आदेश बदलकर रायपुर, दुर्ग और सरगुजा में फर्जी पोस्टिंग करने वाले तीन ज्वाइंट डायरेक्टर सहित 10 अफसर को निलंबित कर दिया गया है । इसमें डीईओ सहायक संचालक प्राचार्य एवं बीईओ स्तर के अधिकारी शामिल है।

काउंसिलिंग के बाद शासन ने शिक्षकों की पदस्थापना का जो आदेश जारी किया था, उसे स्थानीय स्तर पर ही बदलकर नई पोस्टिंग कर दी गई। इसका खुलासा होने के बाद शासन ने मंगलवार को रायपुर, दुर्ग व सरगुजा के संयुक्त शिक्षा संचालकों (जेडी) और दो ब्लाक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) समेत 10 अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ कि शासन के आदेश को बदलकर दुर्ग में 438, सरगुजा में 385 व रायपुर में 543 शिक्षकों की नई पोस्टिंग कर दी गई। इसमें लेन-देन की भी चर्चा है।

विभागीय समिति ने शिकायतों को जांच में सच पाया था, इस आधार पर कार्रवाई की गई है। शिक्षा विभाग के अवर सचिव ने मंत्रालय से मंगलवार को अफसरों को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक प्राइमरी स्कूलों में सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक और मिडिल स्कूलों में शिक्षक से प्रधान पाठक के पद पर प्रमोशन के बाद ओपन काउंसिलिंग कर शिक्षा विभाग ने 7 नवंबर और इस साल 23 मार्च को जेडी और डीईओ को आदेश जारी किए। संबंधित अफसरों ने शासन के आदेश पर अमल नहीं किया। मालूम हो कि विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर आधा दर्जन से अधिक कांग्रेस विधायकों ने सीएम भूपेश बघेल से पिछले साल शिकायत की थी। जिन अफसरों को सस्पेंड किया गया है, वे अभी महत्वपूर्ण पदों पर हैं।

इन अफसरों को किया गया निलंबित
हेमंत उपाध्याय प्रभारी जेडी सरगुजा
जीएस मरकाम प्रभारी जेडी दुर्ग
के कुमार तत्कालीन जेडी रायपुर
सीएस ध्रुव डीईओ, बलौदा- भाटापारा
आरके वर्मा प्राचार्य डाइट रायपुर
डीएस ध्रुव सहायक संचालक, रायपुर
शैल सिन्हा सहायक संचालक, रायपुर
उषा किरण खलखो सहायक संचालक
संजय पुरी गोस्वामी बीईओ धरसीवां
एसके गेंदले बीईओ सिमगा