मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, छत्तीसगढ़ के इन जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट….
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के जशपुर, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि सरगुजा, पेंड्रा, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, वहीं जिन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है वहां मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
छत्तीसगढ़ में मानसून की शुरुआत से ही बादल जमकर बरस रहे हैं। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से लोग प्रभावित हुए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया हैं, इस दौरान राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई हैं।
राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2023 से अब तक राज्य में 486.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2023 से आज 31 जुलाई तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1011.5 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 178.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 337.3 मिमी, बलरामपुर में 326.1 मिमी, जशपुर में 336.8 मिमी, कोरिया में 438.3 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 419.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई।