महिला आईएएस अफसर ने... भूमाफियाओं की मनमानी पर कसा नकेल... हटवाने की मिल रही धमकियां
2023-08-07 04:41 PM
683
बेमेतरा। राजधानी से महज 65 किमी दूर बेमेतरा जिला में भूमाफियाओं की मनमानी पर एक महिला आईएएस अफसर ने नकेल कस दिया है। अवैध प्लाटिंग का गढ़ बन चुके बेमेतरा जिला में बीते दिसंबर से एक भी ऐसी जमीन, जो टॉउन एंड कंट्री प्लानिंग से एप्रुव्ड नहीं है, उसकी रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से महिला आईएएस सुरूचि सिंह, जो बेमेतरा जिले में बतौर एसडीएम पदस्थ हैं को हटवाने की धमकियां मिलने लगी हैं।
बेमेतरा साल 2009 में जिले के तौर पर अस्तित्व में आया था। इसके बाद से यहां भूमाफियाओं की सक्रियता बढ़ गई। रायपुर—जबलपुर हाईवे पर स्थित इस जिले में जमीन की डिमांड बढ़ती गई, तो भूमाफियाओं की बांछे खिल गईं, जिसके चलते अवैध प्लाटिंग का गोरखधंधा धड़ल्ले से चल पड़ा। अब एसडीएम सुरूचि सिंह के पदस्थ होने के बाद से भूमाफियाओं की मनमानी पर शिकंजा कस गया है।
दरअसल, बेमेतरा के लोगों ने ही इस बात की शिकायत एसडीएम सुरूचि सिंह से की थी, कि नए जिले बेमेतरा में बिना लेआउट और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से अनुमति के बड़ी संख्या में प्लाटिंग की जा रही है। एसडीएम ने इसकी जांच कराई। जांच में मामला सही पाए जाने पर उन्होंने अवैध प्लाटिंग का खेल करने वाले तीन लोगों के खिलाफ नोटिस थमा दी कि क्यों न उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।