परब सम्मान निधिः विश्व आदिवासी दिवस पर 5,633 पंचायतों को मिलेगी राशि, सीएम बघेल 1000 करोड़ की देंगे सौगात
रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्रों की 5633 पंचायतों को ‘मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना’ के तहत द्वितीय किस्त दो करोड़ 81 लाख 65 हजार रुपये उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन व्यापक स्तर पर करने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आदिवासी बहुल बस्तर और सरगुजा को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात देंगे। जगदलपुर में 674.20 करोड़ रुपये की लागत के 2,580 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। सरगुजा के सीतापुर के कार्यक्रम में 333.35 करोड़ रुपये की सौगात देंगे।
मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत नौ अगस्त से होंगी और 30 अगस्त तक चलेगा। इसके लिए संस्कृति विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारी कर ली है। ग्राम पंचायत स्तर पर मेरी माटी मेरा देश अभियान के शिला पट्टिका की स्थापना किया जाएगा।