नंदकुमार साय ने इस सीट के लिए... ब्लॉक अध्यक्ष को सौंपा आवेदन... टिकट मिली तो सालों बाद होंगे चुनावी मैदान पर
2023-08-22 03:15 PM
284
छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता डॉ. नंदकुमार साय ने लैलूंगा सीट से दावेदारी कर ब्लॉक अध्यक्ष को अपना आवेदन सौंप दिया है। इसके साथ ही उन्होंने उम्र के इस पड़ाव में भी चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी है। भाजपा में रहते तक उन्हें चुनाव से दूर रखा गया था, तो पार्टी गतिविधियों से भी डॉ. साय को लगातार अलग—थलग रखा जा रहा था। अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए ऐन चुनावी साल में उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कभी कांग्रेस के धूर विरोधी माने जाने वाले डॉ. नंदकुमार साय को पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनपर भरोसा जताते हुए सीएसआईडीसी के अध्यक्ष का भी कमान सौंप दिया है। अब नंदकुमार साय ने लैलूंगा विधानसभा सीट से दावेदारी करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष को अपना आवेदन सौंप दिया है। हालांकि लैलूंगा विधानसभा सीट से कांग्रेस के और भी दावेदार सामने आएंगे, ऐसे में बनने वाले पैनलिस्ट पर अंतिम मुहर प्रदेश चुनाव समिति लगाएगी।