छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 25 मिनट के भीतर... भूकंप के दो बड़े झटके... दहशत में कटी रात

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सोमवार रात करीब 8.04 बजे भूकंप का जोरदार झटका महसूस किया गया। मारे दहशत के लोग अपने घरों से बाहर आ गए। अभी 25 मिनट ही गुजर पाया था कि एक और झटका स्थानीय लोगों ने महसूस किया। इस आफ्टरशॉक की तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 3.8 थी। इससे पहले आया झटका रिएक्टर स्केल पर 4.9 था। एक के बाद महज 25 मिनट के भीतर आए दो झटकों की वजह से लोग दहशत में आ गए और उनकी पूरी रात बमुश्किल कट पाई। इससे पूर्व 24 मार्च को अंबिकापुर से लगे सोनपुर में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था।

उत्तरी छत्तीसगढ़ भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील है। उत्तरी छत्तीसगढ़ भूकंप के फॉल्ट जोन में है। सोमवार शाम 8.04 बजे भूकंप के जोरदार झटके लगे। भूकंप का जोरदार झटका लगने से लोग सहमकर घरों से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद लोग वापस घरों में लौटे को भूकंप का दूसरा झटका आया। 8.26 बजे आफ्टरशॉक की तीव्रता पहले आए भूकंप से कम थी। लगातार दो झटकों के कारण लोग घरों में जाने से भी कतरा रहे हैं।

प्राथमिक सूचना में भूकंप का केंद्र अंबिकापुर से चार किलोमीटर के दायरे में बताया गया है। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 4.9 बताई जा रही है। आफ्टरशॉक की तीव्रता भी रिएक्टर स्केल पर 3.8 बताई गई है। भूकंप का झटका सरगुजा जिले के साथ सूरजपुर, बलरामपुर एवं कोरिया जिले के कुछ इलाकों में भी महसूस किया गया। वहीं सूरजपुर जिले के भटगांव एवं विश्रामपुर क्षेत्र में एसईसीएल की भूमिगत खदानों में भूकंप का तेज झटका महसूस किए जाने की खबर है। अब तक हुए नुकसान की जानकारी नहीं मिल पाई है।

एक वर्ष में सरगुजा संभाग में आए भूकंप
-इसके पूर्व 24 मार्च की सुबह 10.28 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र अंबिकापुर से छह किलोमीटर दूर सोनपुर था।
-10 अक्टूबर 2022 को शुक्रवार सुबह 5.28 बजे 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकपं का केंद्र बैकुंठपुर से सात किमी की दूरी पर गेज बांध के करीब था।
-04 अगस्त 2022 को 11.57 बजे 3.7 मेग्नीट्यूट तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र सूरजपुर से 11 किलोमीटर दूर भूतल से 10 किलोमीटर अंदर था।
-29 जुलाई 2022 को 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र बैकुंठपुर के पास सोनहत क्षेत्र में धरातल से 16 किलोमीटर की गहराई में था।
-11 जुलाई 2022 को भी 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र बैकुंठपुर के पास सोनहत क्षेत्र में धरातल से 16 किलोमीटर की गहराई में था।