छत्तीसगढ़

हाईवा ने स्कूल जा रहे दो बच्चों को रौंदा... मौके पर ही भाई बहन की मौत... बेकाबू हुई आक्रोशित भीड़

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, जहां पर एक तेज रफ्तार हाईवा ने दो बच्चों को कुचल दिया। दोनों बच्चे घर से स्कूल जाने के लिए एक साथ निकले थे, उसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ने दोनों को एक साथ रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

मिल रही जानकारी के अनुसार दोनों भाई—बहन शनिवार होने की वजह से सुबह स्कूल जाने के लिए निकले थे। घटना सुबह 7 बजे की बताई जा रही है। सिरगिट्टी क्षेत्र के नया पारा वार्ड नंबर 12 में रहने वाला लालू केंवट किराना दुकान चलाता है और उसके भांजा– भांजी उसी के साथ रहकर सिरगिट्टी के सरकारी स्कूल में पढ़ाई करते थे। छात्रा भावना केंवट शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिरगिट्टी में दसवीं की छात्रा थी। जबकि भावना का भाई आयुष केंवट शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिरगिट्टी में सातवीं कक्षा का छात्र था।

इस घटना के बाद मौजूद लोगों ने भागकर बच्चों को देखा, लेकिन भारी—भरकम हाईवा की चपेट में आने वे दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लहूलुहान हाल में बच्चों को देखकर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। अक्रोशित लोगों ने तत्काल चक्काजाम कर दिया। फिलहाल सूचना मिलने से मौके पर पहुंची पुलिस भीड़ पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।